
बस्ती सॉकर लीग का मुख्य अतिथि बबलू तिवारी ने किया उद्घाटन
विधानसभा में जनसंपर्क के साथ युवाओं से जुड़ने की पहल
बस्ती (मार्तण्ड प्रभात)। जनपद के अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित बस्ती सॉकर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन समाजवादी पार्टी से रुधौली विधानसभा के विधायक पद के दावेदार बबलू तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। टूर्नामेंट का आयोजन आलोक पांडेय द्वारा करवाया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के दौरान बबलू तिवारी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं को युवाओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीम भावना, एकजुटता और आपसी सहयोग की सीख मिलती है। मैदान में खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के साथ आत्मविश्वास, संकल्प और साहस का भी परिचय देते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। बस्ती के युवाओं में खेल के प्रति रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बस्ती सॉकर लीग के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल के प्रति जागरूक रहने और अपनी प्रतिभा को निखारने का संदेश दिया गया।







