चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस संजय चौधरी

चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस संजय चौधरी

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए जा रहे सवाल पूरी तरह से भ्रामक, आधारहीन और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि देश के किसी भी राज्य में जहां भाजपा की सरकारें रही हैं, वहां सभी चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी अपनी लगातार हो रही हार से बौखलाकर देश की जनता को गुमराह करने और अनावश्यक षड्यंत्र रचने का काम कर रही है।

संजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग ने स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से यह साफ कर दिया है कि किसी भी राज्य में चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। यह सब संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करके भ्रम फैलाने की कांग्रेस की सोची-समझी चाल है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र, पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक मर्यादाओं में पूर्ण विश्वास रखती है। झूठे आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास करने वालों को भाजपा कड़ा जवाब देगी। पार्टी शांतिपूर्ण और कानूनी दायरे में रहकर जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।

अंत में संजय चौधरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं से शांति बनाए रखने, विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार व अफवाहों से दूर रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने की अपील की।