
मनीष मिश्रा के खिलाफ scst के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग,
कांग्रेसियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
बस्ती (मार्तण्ड प्रभात)। कांग्रेस नेता महादेवा विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी बृजेश कुमार आर्य के नेतृत्व में शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां महादेवा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता बृजेश कुमार आर्य के खिलाफ कथित जातिसूचक टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में भाजपा नेता मनीष मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी और बृजेश कुमार आर्य ने आरोप लगाया कि मनीष कुमार मिश्रा ने सोशल मीडिया के माध्यम से बृजेश कुमार आर्य के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और टिप्पणियों के जरिए उन्हें अपमानित किया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी दलित समाज के प्रति विरोधी मानसिकता को दर्शाती है।
बृजेश कुमार आर्य ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर 2026 को शाम करीब छह बजे मनीष मिश्रा ने उनके खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए धमकी दी। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से उनकी जान को खतरा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) अधिनियम सहित अन्य लागू गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान गिरजेश पाल, ज्ञानेंद्र पांडेय, डॉ. आलोक रंजन वर्मा, मनीष दुबे, बाबूराम सिंह, चंद्रशेखर वर्मा, वाहिद सिद्दीकी, अलिफ अख्तर, पंकज राव, महेश कुमार, शोभित चौधरी, दुर्गेश चौधरी, मोहम्मद रफी, रामप्रीत, फजल आजम, शौकत अली नन्नू, मुकेश कुमार, शुभम कुमार, वकील विक्रम गौतम, धर्मेंद्र कनौजिया, आशुतोष पांडेय, आदित्य त्रिपाठी, कन्हैया यादव, राकेश मणि त्रिपाठी, अमित सिंह, संदीप श्रीवास्तव, संजय चौधरी, सुधीर यादव, प्रशांत पाठक, दूधनाथ पटेल, रामबहादुर सिंह, शौकत अली, दीपेंद्र सिंह और आनंद निषाद सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







