बस्ती सॉकर लीग के रोमांचक फाइनल में टांडा ने गोंडा को 2-1 से हराकर जीता खिताब, जूनियर वर्ग में आद्य-11 बनी चैंपियन

बस्ती सॉकर लीग के रोमांचक फाइनल में टांडा ने गोंडा को 2-1 से हराकर जीता खिताब,

जूनियर वर्ग में आद्य-11 बनी चैंपियन

सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत,

आखिरी दिन मैदान पर दिखा फुटबॉल का जबरदस्त रोमांच

बस्ती। बस्ती सॉकर लीग के अंतिम दिन फुटबॉल प्रेमियों को एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के अंतिम दिन कुल चार मुकाबले खेले गए, जिनमें दो सेमीफाइनल, एक सीनियर फाइनल और एक जूनियर फाइनल मुकाबला शामिल रहा। फाइनल मुकाबले में टांडा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोंडा को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं जूनियर वर्ग के फाइनल में आद्य-11 ने जयपुरिया-11 को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में टांडा और मऊ की टीमें आमने-सामने हुईं, जिसमें टांडा की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में बस्ती और गोंडा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में गोंडा की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल का टिकट पक्का किया। इसके बाद खेले गए खिताबी मुकाबले में टांडा और गोंडा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांच से भरे इस मुकाबले में टांडा ने 2-1 से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

वहीं जूनियर वर्ग के फाइनल में आद्य-11 और जयपुरिया-11 के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें आद्य-11 ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 2-0 से जीत हासिल की और जूनियर वर्ग की विजेता बनी।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और आपसी भाईचारे की सीख भी देता है। ऐसी प्रतियोगिताओं से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजक विवेक पांडेय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जानकारी देते हुए सभी सहयोगियों का आभार जताया। अध्यक्ष आलोक पांडेय ने बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने वाले खेलप्रेमियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। वहीं संयोजक शौर्य प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, दर्शकों और खेलप्रेमियों का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर सभासद पप्पू शुक्ला, सोनू पांडेय, मुरली पांडेय, नीरज श्रीवास्तव, आरजू श्रीवास्तव, अमरेश श्रीवास्तव, प्रियांशु त्रिपाठी, विनय उपाध्याय, लाला उपाध्याय, आदित्य उपाध्याय, प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत विक्रम सिंह, अनुराग शुक्ला, राजकुमार शुक्ला, गोरख यादव, देवेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका रणधीर यादव, गोपाल शर्मा, शिवेंद्र त्रिपाठी, बबलू यादव और मोहम्मद तहजीब ने निभाई।

बस्ती सॉकर लीग का समापन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, खेलप्रेमियों के उत्साह और आयोजकों की मेहनत के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि बस्ती में फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून और खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।