
बिछड़े मिले, खोया पाया’ शिविर का उद्घाटन
बस्ती । कम्पनीबाग के निकट ‘ बिछड़े मिले, खोया पाया’ शिविर का उद्घाटन सीओ सदर मानसी दहिया और डा. वी.के. वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस शिविर का आयोजन समाचार पत्र वितरक जन कल्याण सेवा समिति द्वारा जय प्रकाश गोस्वामी के संयोजन में किया गया है। मानसी दहिया ने इसे एक अच्छी पहल बताया। कहा कि कि दुर्गा पूजा मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘खोया पाया’ शिविर से मेले में बिछड़े लोग अपने परिजनों और बच्चों को आसानी से ढूंढ सकेंगे।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.के. वर्मा ने बस्ती में पूर्णिमा के दिन देवी प्रतिमाओं के विसर्जन की पुरानी परंपरा का उल्लेख किया और पर्वों को खुशी से मनाने की बात कही। उन्होंने जय प्रकाश गोस्वामी के शिविर संचालन को एक अच्छी पहल बताया, जिससे बिछड़े लोगों को अपनों से मिलाना आसान हो जाता है।
भाजपा अमरेन्द्र कुमार शिव्लू ने ‘खोया पाया’ शिविर की निरंतर आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जय प्रकाश गोस्वामी द्वारा पिछले 35 वर्षों से इसका अनवरत संचालन एक उपलब्धि है और बिछड़ों को मिलाना एक पुनीत कार्य है।
शिविर संचालक जय प्रकाश गोस्वामी ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी कठिनाइयाँ आएं, शिविर का संचालन जारी रहेगा। उन्होंने किसी के खोए हुए बच्चे को उसके परिवार से मिलाने पर मिलने वाली खुशी का भी जिक्र किया।
उद्घाटन अवसर पर कुलदीप सिंह, दीपक प्रजापति, राजीव शरण, प्रदीप कुमार सिंह, सीए अजीत चौधरी, डा. राजेश पटेल, अतुल पाण्डेय, स्वतंत्र पाण्डेय, गुड्डू पाण्डेय, विजय प्रकाश गोस्वामी, दीनदयाल तिवारी, राहुल त्रिपाठी, गौरव गोस्वामी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।







