
देवी प्रतिमाओं का विसर्जन 26 कोः नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया तैयारियों का निरीक्षण
अमहट घाट पर विर्सजन, मार्ग, पथ प्रकाश की तैयारियां पूरीः सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
बस्ती। सोमवार 26 अक्टूबर को देवी प्रतिमाओं के मूर्ति विसर्जन को देखते हुए नगर पालिका परिषद की ओर से रविवार को अमहट घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और घाट पर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बना रहे, इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिया।
नगर पालिका परिषद बस्ती की अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अंकुर वर्मा तथा अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता की मौजूदगी में अमहट घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विवेक श्रीवास्तव, दुर्गेश त्रिपाठी और शुभम यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मूर्ति विसर्जन को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। घाट पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विसर्जन के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
भाजपा नेता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं, नागरिकों से आग्रह किया कि घाट पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और पूजा सामग्री व अन्य कचरा इधर-उधर न फैलाएं।
अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता ने कहा कि मूर्ति विसर्जन को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका की ओर से आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया है। साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और पेयजल जैसी सुविधाएं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विसर्जन के दौरान घाट पर स्वच्छता और व्यवस्था बनी रहे।






