दीपावली पर्व और आगामी मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज

बस्ती 04 नवम्बर 2026 (सू.वि.) दीपावली पर्व और आगामी मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अमहट घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल, जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर स्थित पटाखा बिक्री स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

अमहट घाट पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मूर्ति विसर्जन के लिए प्रकाश, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विसर्जन स्थल पर सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर में पटाखा बिक्री की व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। निर्देश दिया कि दोनों बिक्री स्थलों पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन वाहन तैनात रहें। प्रत्येक दुकान के बाहर पानी और सूखी रेत से भरी तीन से चार बाल्टियां रखी जाएं। दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी हो तथा दुकान के अंदर ज्वलनशील सामग्री बिल्कुल न रखी जाए। अधिकारियों ने विद्युत सुरक्षा पर भी जोर दिया। कहा कि दुकानों में बिजली की फिटिंग सुरक्षित होनी चाहिए और कहीं भी खुले अथवा लटकते तार नहीं होने चाहिए। प्रत्येक दुकान का विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त किया जाए। सभी दुकानों पर ‘यहां धूम्रपान करना सख्त मना है’ का बोर्ड लगाया जाए।

पटाखा बिक्री स्थलों पर एंबुलेंस की व्यवस्था रखने और प्रत्येक दुकान में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर लगाने, जीआईसी मैदान के किनारे जमा कीचड़ हटवाने तथा बिक्री स्थलों पर शिफ्टवार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया, ताकि पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता,मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती,उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।