भाजपा नेता अभिषेक कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्रः किसानों को फसलों का मुआवजा देने की मांग

भाजपा नेता अभिषेक कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्रः किसानों को फसलों का मुआवजा देने की मांग

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री एवं साऊंघाट के ब्लाक प्रमुख अभिषेक कुमार ने जनपद में 30 एवं 31 अक्टूबर को आए अर्नव चक्रवात के प्रभाव से तेज आंधी-तूफान और लगातार हो रही बारिश के कारण किसानों की धान की फसल को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से भेजे पत्र में प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वेक्षण कराकर समुचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री को पत्र में भाजपा अभिषेक कुमार ने कहा कि जनपद में चक्रवात के प्रभाव से आई तेज आंधी और लगातार बारिश के कारण किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कहीं खेतों में खड़ी धान की फसल जलमग्न हो गई है तो कहीं तेज हवा और बारिश के कारण फसल जमीन पर गिर गई है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत से फसल तैयार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के कारण फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों को इस कठिन परिस्थिति से उबारने के लिए सरकार की ओर से समय पर सहायता मिलना बेहद जरूरी है।

अभिषेक कुमार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनपद बस्ती में प्रभावित किसानों की धान की फसल का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए। सर्वेक्षण में फसल क्षति का वास्तविक आकलन कराकर नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई हो सके।