पड़रिया दत्तू में लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा का भव्य अनावरण

पड़रिया दत्तू में लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा का भव्य अनावरण, ग्राम प्रधान शिवेंद्र चौधरी का सराहनीय कदम

बस्ती। रूधौली विधानसभा क्षेत्र के दसिया–महनुआ मार्ग स्थित पड़रिया दत्तू खेल मैदान में लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भव्य प्रतिमा अनावरण एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया।

ग्राम प्रधान शिवेन्द्र चौधरी के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बस्ती के सांसद राम प्रसाद चौधरी एवं स्थानीय विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का अदम्य साहस, अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति उनका अतुलनीय समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठों में सदैव अमर रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।