
इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में कर्मा देवी संस्थान के पास गूंजा जय श्रीराम का जयघोष,
हरीश द्विवेदी का हुआ एतिहासिक स्वागत
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री, लोकप्रिय पूर्व सांसद एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी के बस्ती जनपद में प्रथम आगमन पर सोमवार को कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान के गेट के समीप कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भव्य एवं दिव्य स्वागत-अभिनंदन किया। अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तथा 310 विधानसभा क्षेत्र बस्ती सदर के प्रमुख भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान हरीश द्विवेदी को विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही गदा भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए स्वागत कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और भाजपा के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि बस्ती की धरती पर अपने लोगों के बीच इस तरह का आत्मीय स्वागत उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि बस्ती से उनका पुराना आत्मीय जुड़ाव रहा है और यहां के लोगों का स्नेह एवं आशीर्वाद हमेशा ऊर्जा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी मिलना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में लोग हरीश द्विवेदी के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रीय दायित्व के सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि बस्ती के लोकप्रिय नेता को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना जनपद के लिए गर्व का विषय है।






